बरवाघाट में नहाने गए दो छात्र डूबे, एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी


बोकारो के हरला थाना क्षेत्र के दामोदर नदी के बरवाघाट में नहाने के क्रम में मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे दो छात्र गहरे पानी में डूब गए। स्थानीय ग्रामीणों ने विष्णु नामक बच्चे का शव बरामद कर लिया। जबकि दूसरे छात्र सन्नी की तलाश की जा रही है। डीसी के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार घटना स्थल पर पहुंचे और गोताखोरों को लगा दिया गया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। 


घर से ट्यूशन के नाम पर निकले थे तीनों बच्चे 

बोकारो के एलएच और आजादनगर निवासी रवि, सन्नी और विष्णु अपने-अपने घर से ट्यूशन पढ़ने के नाम पर निकले और बरवाघाट पहुंच गए। तीनों छात्र क्लास 9 में पढ़ाई करते हैं। वहां पहुंचने के बाद तीनों स्नान करने लगे। इसी क्रम में करीब 10 बजे विष्णु और सन्नी गहरे पानी में उतर गए। उसके बाद दोनों पानी में डूब गए। रवि ने दोस्तों के परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने कहा कि बरवाघाट में डूबने की घटना हर साल गर्मियों के दिनों में होती है, लेकिन प्रशासन की ओर से ऐसी जगह पर चेतावनी का बोर्ड तक नहीं लगाया गया है। 

और नया पुराने