केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से 12वीं कक्षा की सप्लीमेंट्री परीक्षा मंगलवार को देशभर में आयोजित की गई। एक-दिवसीय इस परीक्षा के लिए बोकारो जिले में कुल दो परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे- एक सेक्टर-4 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो और दूसरा सेक्टर-5 स्थित चिन्मय विद्यालय, बोकारो। इन दोनों परीक्षा केंद्रों पर कुल 1306 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। सीबीएसई के सिटी को-ऑर्डिनेटर एवं डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने उक्त आशय की जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा पूर्णतया शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त रही। प्रशासनिक सहयोग के साथ-साथ केन्द्राधीक्षकों, पर्यवेक्षकों एवं समस्त वीक्षकों के सम्मिलित प्रयास से दोनों केंद्रों पर परीक्षा सफलतापूर्वक अच्छे से संपन्न करा ली गई। कहीं से भी किसी गड़बड़ी की कोई सूचना नहीं है। उन्होंने परीक्षा के सफल संचालन में लगे समस्त सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
69 विद्यार्थी रहे अनुपस्थित
डॉ. गंगवार ने बताया कि डीपीएस बोकारो में कुल पंजीकृत 843 में से 804 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 39 अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार, चिन्मय विद्यालय में कुल 502 परीक्षार्थी शामिल हुए। पंजीकृत कुल 535 विद्यार्थियों में 33 अनुपस्थित रहे। सीबीएसई ने सप्लीमेंट्री परीक्षा के माध्यम से उन छात्र-छात्राओं के लिए उत्तीर्णता का एक और अवसर दिया, जो कंपार्टमेंट कैटेगरी में हैं और अपने लंबित विषयों में पास करना चाहते हैं। साथ ही उन छात्रों के लिए भी एक मौका रहा, जो किसी एक विषय में अपना रिजल्ट बेहतर करना चाहते हैं। परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित की गई। ज़्यादातर मुख्य एकेडमिक विषयों में इंग्लिश कोर, हिंदी कोर, मैथमेटिक्स, फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी, अकाउंटेंसी, बिज़नेस स्टडीज़, इकोनॉमिक्स, पॉलिटिकल साइंस, जियोग्राफी, हिस्ट्री, कंप्यूटर साइंस, साइकोलॉजी, सोशियोलॉजी, इंफॉर्मेशन प्रैक्टिसेस, एंटरप्रेन्योरशिप, होम साइंस, एप्लाइड मैथमेटिक्स आदि के अलावा विभिन्न वोकेशनल सब्जेक्ट शामिल रहे।
