बोकारो के को-ऑपरेटिव कॉलोनी में एक घर से मां-बेटे का शव बरामद, जांच के लिए रांची से पहुंची फोरेंसिक टीम


बोकारो के रिहायशी इलाके को-ऑपरेटिव कॉलोनी के प्लॉट संख्या-67 में मां और बेटे का शव संदिग्ध अवस्था में पाया गया. उसके बाद से पूरे कॉलोनी में सनसनी सी फ़ैल गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार यह प्लॉट सेवानिवृत बीएसएल कर्मी स्व. एनके सिन्हा का है. इसमें फ़िलहाल उनकी पुत्री 60 वर्षीया अनिता देवी अपने 30 वर्षीय पुत्र नितेश के साथ रह रही थी. बताया जाता है कि इस प्लॉट में पिछले 5-6 वर्षों से बिजली भी नहीं थी. सोसायटी के पास बिजली का बिल बकाया रहने की वजह से बिजली काट दी गई थी. पुलिस के अनुसार महिला का शव सड़ी-गली अवस्था में मिला है. जबकि उनके पुत्र का शव एक-दो दिन से ज्यादा का नहीं लग रहा है. 

फ़िलहाल फोरेंसिक टीम जांच में जुट गई है 

घटना की सूचना मिलते ही सिटी डीएसपी राजीव रंजन, बीएससिटी थाना प्रभारी सुदामा दास पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी. उसके बाद रांची से आई फोरेंसिक टीम की ओर से भी जांच शुरू कर दी गई है. इस प्लॉट को लेकर घरेलू विवाद था. जिसकी वजह से इसकी देखरेख ठीक से नहीं हो रही थी. परिणामस्वरूप प्लॉट के चारों तरफ झाड़ियां उग चुकी है. सिटी डीएसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगा कि आखिर दोनों की मौत कैसे हुई है. 

और नया पुराने