पिछले तीन-चार सालों से बोकारो एयरपोर्ट का सिर्फ निरीक्षण ही हो रहा है. इससे आगे बात बढ़ती नहीं दिखाई देती है. डीजीसीए के निरीक्षण की बातें भी सुन-सुनकर लोग ऊब चुके हैं. फिर भी लोग धैर्य के साथ उड़ान सेवा चालू होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं. उसी सिलसिले में मंगलवार को भी उपायुक्त अजय नाथ झा ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) एवं बीएसएल के अधिकारियों के साथ बोकारो एयरपोर्ट का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक, झारखंड सिविल एविएशन कैप्टन एस. पी. सिन्हा, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, एएआई के मनोज कुमार, सेल एविएशन के मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने एयरपोर्ट परिसर, रनवे, बोर्डिंग एरिया सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का क्रमवार जायजा लिया तथा आवश्यक बिंदुओं की समीक्षा की।
एयरपोर्ट की नियमित सफाई का निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने एयरपोर्ट परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के प्रस्तावित निरीक्षण से पूर्व परिसर में उगी घास, छोटे-छोटे पेड़-पौधों सहित अन्य अवांछित वनस्पतियों की समुचित सफाई एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि एयरपोर्ट परिसर व्यवस्थित एवं मानकों के अनुरूप दिखाई दे। उपायुक्त ने एयरपोर्ट के ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस से संबंधित विषयों की भी समीक्षा की। उन्होंने इस संबंध में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया एवं सेल के वरीय स्तर पर आवश्यक पत्राचार कर शीघ्र उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस दौरान एयरपोर्ट के विकास, संचालन एवं रखरखाव से जुड़े विभिन्न अन्य बिंदुओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
Tags
झारखण्ड
