बोकारो में SIR-2026 का पहला चरण पूरा, 15.35 लाख गणना प्रपत्रों का 100% डिजिटाइजेशन


सेक्टर- टू स्थित जायका हैपनिंग्स में बुधवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के तहत आम मतदाताओं एवं बीएलओ की सहभागिता वाला चरण बुधवार रात 12 बजे के साथ संपन्न हो जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति रखने की आवश्यकता नहीं है। यह प्रक्रिया मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से संचालित की गई है। उन्होंने कहा कि जिन पात्र नागरिकों की किसी कारणवश एसआईआर प्रक्रिया में भागीदारी नहीं हो सकी है, वे 05 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रपत्र-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में नाम शामिल करा सकेंगे। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं स्थानांतरण की प्रक्रिया निरंतर जारी रहने वाली व्यवस्था है।

ग्रामीण क्षेत्रों का सराहनीय सहयोग, शहरी मतदाताओं से की विशेष अपील

डीईओ सह डीसी ने कहा कि वर्ष 2003 के बाद पहली बार इस स्तर पर विशेष गहन पुनरीक्षण किया गया है। इसका उद्देश्य स्थायी रूप से स्थानांतरित, मृत अथवा अन्य आवश्यक संशोधनों का सत्यापन कर मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं विश्वसनीय बनाना है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से किसी भी पात्र मतदाता का मतदान का अधिकार समाप्त नहीं होता, बल्कि भविष्य में भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत नाम जोड़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि बोकारो जैसे भौगोलिक एवं सामाजिक रूप से विविध जिले में एसआईआर अभियान चुनौतीपूर्ण था। गोमिया के दुर्गम क्षेत्रों से लेकर शहरी बोकारो तक बीएलओ एवं प्रशासनिक टीम ने पूरी निष्ठा से कार्य किया। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने उत्साहपूर्वक सहयोग किया, वहीं शहरी क्षेत्रों के शिक्षित एवं जागरूक नागरिकों से उन्होंने लोकतांत्रिक दायित्वों के प्रति अधिक संवेदनशील एवं सक्रिय रहने की अपील की।

सभी चार विधानसभा क्षेत्रों में शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन

डीईओ सह डीसी ने बताया कि जिले के सभी चार विधानसभा क्षेत्रों में एसआईआर-2026 के तहत डिजिटाइजेशन का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। 34-गोमिया विधानसभा क्षेत्र में 3,19,737, 35-बेरमो विधानसभा क्षेत्र में 3,31,728, 36-बोकारो विधानसभा क्षेत्र में 5,97,439 तथा 37-चंदनकियारी (अजा.) विधानसभा क्षेत्र में 2,86,363 गणना प्रपत्रों का शत प्रतिशत डिजिटाइजेशन किया गया। इस प्रकार जिले के कुल 15,35,267 गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूर्ण कर जिला ने निर्धारित लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल कर लिया। मौके पर उप विकास आयुक्त  शताब्दी मजूमदार, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांडा, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, उप निदेशक सह डीपीआरओ रवि कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी  अविनाश कुमार सिंह, जेएएस प्रोबेशनर कुनाल कुमार, सौम्या सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



और नया पुराने