सोमवार को करीब सुबह 11 बजे बोकारो के सेक्टर 4 लक्ष्मी मार्केट में दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने महिला के गले से 10 ग्राम सोने की चेन झपट लिया और बाइक से फरार हो गए। इस घटना के बाद ऐसा लग रहा है मानो बदमाश पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। 24 घण्टे के अंदर शहर में चेन छिनतई की यह दूसरी घटना है। घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है। गोमिया के स्वांग निवासी पीड़ित महिला कनक लता अपने पति संजय कुमार सिन्हा के साथ पुत्र का इलाज करवाने बोकारो आई थी।
महिला अपने बेटे का इलाज कराने आई थी बोकारो
पीड़ित महिला दंपती लक्ष्मी मार्केट स्थित मयूर मेडिकल के सामने बेटा का इलाज कराने पहुंची थी। इसी दौरान एक मेडिकल दुकान के समीप खड़े दो बदमाश महिला के गले से 10 ग्राम होने की चेन झपट कर बाइक से फरार हो गए। पीड़ित ने 112 में कॉल कर थाना को सूचना दी। 5-7 मिनट में पुलिस भी पहुंच गई। बाद में महिला ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
कुछ दूर तक पीछा किया गया
महिला और उनके पति ने बताया कि घटना के बाद कुछ दूर बदमाशों का पीछा भी किया गया, लेकिन वे भागने में सफल रहे। बताया कि आरोपियों में से एक ने सफेद टोपी तथा स्काई ब्लू रंग की शर्ट पहन रखी थी। जिससे उनकी पहचान में मदद मिल सकती है। इधर, घटना की सूचना के बाद सेक्टर-4 थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। ताकि बाइक सवार अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। ज्ञात हो कि 24 घंटे पूर्व सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर 2 सी में भी मुन्ना यादव के गले से सोने की चेन छिनतई हुई थी।
