बोकारो में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बोकारो पुलिस ने नो बाइक फाॅर माइनर्स अभियान में सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस_अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर शहर भर में लगातार चेकिंग की जा रही है। नियम के मुताबिक यदि कोई नाबालिग बाइक, स्कूटी या कार चलाते पकड़ा जाता है तो उसके अभिभावक पर 25,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही जुर्माना नहीं भरने पर 3 साल तक की जेल का भी प्रावधान है।
सेक्टर 6 में चला विशेष अभियान
सेक्टर 6 थाना क्षेत्र में स्कूलों की अधिकता को देखते हुए यहां विशेष निगरानी रखी जा रही है। सेक्टर 6 थाना प्रभारी संगीता ने आज चेकिंग की और नियम तोड़ने वालों की गाड़ियों को पकड़ा। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक नगर राजीव रंजन भी मौजूद रहे। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और स्कूल आने-जाने के समय विशेष फोकस किया जाएगा।
पुलिस का अभिभावकों से अपील
बोकारो पुलिस ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी प्रकार का वाहन न दें। इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और बच्चों का भविष्य सुरक्षित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Tags
झारखण्ड
