बोकारो में शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति से सराबोर हुआ पूरा जिला


80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन मैदान, सेक्टर-12, बोकारो में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेन्द्र प्रसाद ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। मंत्री योगेन्द्र प्रसाद ने कहा कि 15 अगस्त 1947 को भारत ने स्वतंत्रता प्राप्त कर विश्व पटल पर एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित की। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। साथ ही भगवान बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, शेख भिखारी, वीर बुधु भगत सहित झारखंड के सभी वीर सपूतों को स्मरण करते हुए उनके योगदान को प्रेरणास्रोत बताया। झारखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है.  मंत्री ने कहा कि आज देश जहां विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, 

झारखंड निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है


वहीं झारखंड भी निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है तथा आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है। आदिवासी महोत्सव एवं सखी महोत्सव की सराहना उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान उसकी गौरवशाली आदिवासी संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ी हुई है। राज्य सरकार द्वारा आदिवासी विरासत को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आदिवासी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष बोकारो में भी इसका सफल आयोजन हुआ, जिसके लिए जिला प्रशासन एवं संबंधित सभी पदाधिकारियों-कर्मियों को उन्होंने बधाई दी। मंत्री ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित सखी महोत्सव की भी सराहना करते हुए कहा कि इससे स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों के विपणन का बेहतर अवसर मिला है तथा वे आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। मंईयां सम्मान योजना से लाखों महिलाएं लाभान्वित मा. मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत जिले की 3.33 लाख से अधिक महिलाओं को लाभान्वित किया गया है। यह योजना महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुई है। 

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी सरकारी कार्यालयों एवं परिसरों में हुआ ध्वजारोहण 

उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों ने फहराया तिरंगा  80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी सरकारी कार्यालयों एवं परिसरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्र की आन-बान और शान के प्रतीक तिरंगे को सलामी दी गई। इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने गोपनीय शाखा स्थित कार्यालय परिसर, समाहरणालय परिसर, रेडक्रॉस भवन परिसर तथा जियाडा परिसर में ध्वजारोहण किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। 

वीर शहीदों को किया गया याद 

उप विकास आयुक्त  शताब्दी मजूमदार ने अपने आवासीय परिसर में ध्वजारोहण किया। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी, चास  प्रांजल ढांडा ने गोपनीय शाखा कार्यालय परिसर एवं अनुमंडल कार्यालय परिसर में तिरंगा फहराया। इसी क्रम में उप निदेशक, जनसंपर्क सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार ने सूचना भवन परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। ध्वजारोहण कार्यक्रमों के दौरान अधिकारियों एवं कर्मियों ने राष्ट्रगीत - राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया तथा देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। 
और नया पुराने