बोकारो स्टील प्लांट में यूटिलिटीज विभाग के अंतर्गत सिविल इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट (सीईडी), वाटर मैनेजमेंट डिपार्टमेंट (डब्ल्यूएमडी), गैस यूटिलिटी (जीयू) एवं एयर कंडीशनिंग वेंटिलेशन सिस्टम (एसीवीएस) विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित “संगच्छध्वम् 2026 - यूनाइटेड यूटिलिटीज, अनकम्प्रोमाइज्ड सेफ्टी” नामक ‘यूटिलिटीज सेफ्टी पखवाड़ा’ का शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य यूटिलिटीज के अंतर्गत विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संविदा कर्मियों के बीच सुरक्षा के प्रति जागरूकता, एकजुटता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को और सुदृढ़ करना है। यूटिलिटीज सेफ्टी पखवाड़ा कार्यक्रम का शुभारंभ अधिशासी निदेशक (संकार्य) द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (यूटिलिटीज), मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) सहित अन्य वरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं संविदा कर्मी उपस्थित थे।
सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मानव श्रृंखला बनाई गई
यूटिलिटीज सेफ्टी पखवाड़ा’ के तहत आयोजित प्रथम कार्यक्रम के रूप में संयंत्र के प्लांट-प्लाज़ा रोड पर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मानव श्रृंखला बनाई गई। इसका उद्देश्य संयंत्र के कार्मिकों एवं श्रमिकों के दैनिक जीवन में सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जागरूकता को सुदृढ़ करना था। इस अभियान में बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संविदा कर्मियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने सुरक्षा संदेशों से युक्त बैनर एवं नारों के माध्यम से सड़क सुरक्षा नियमों के पालन का आह्वान किया। हाथों में हाथ मिलाकर बनाई गई इस मानव श्रृंखला ने एकजुटता, सामूहिक जिम्मेदारी और सुरक्षित कार्य संस्कृति का प्रभावी संदेश दिया। इस अवसर पर अधिशासी निदेशक (संकार्य) ने सुरक्षा को प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए सभी कर्मचारियों से कार्यस्थल पर निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन करने तथा ‘जीरो हार्म’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर सजग, सतर्क एवं प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।
दुर्घटनाओं की रोकथाम जरूरी
‘यूटिलिटीज सेफ्टी पखवाड़ा’ के दौरान “संगच्छध्वम्”, जिसका भाव है “साथ-साथ चलें, साथ-साथ आगे बढ़ें”, के माध्यम से सुरक्षा जागरूकता को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें सेफ्टी क्विज, नुक्कड़ नाटक, सेफ्टी वॉल आर्ट एवं ड्रॉइंग, टूल बॉक्स टॉक तथा लाइन ऑफ फायर चैलेंज प्रमुख हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से कर्मचारियों को सुरक्षित कार्यप्रणाली अपनाने, संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान करने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इन पहलों का उद्देश्य सुरक्षा को केवल नियमों के पालन तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक कार्यसंस्कृति और सामूहिक व्यवहार का अभिन्न हिस्सा बनाना है।
