बोकारो के 4 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय बास्केटबॉल चैंपियनशिप में चयन, झारखंड टीम का विजयवाड़ा में शानदार आगाज


आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में आयोजित 51वीं सब-जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप 2026 में झारखंड की बालक और बालिका टीम हिस्सा ले रही है। प्रतियोगिता का आयोजन 27 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड की टीम में बोकारो जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के चार खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इनमें तीन बालक और एक बालिका खिलाड़ी शामिल हैं। खास बात यह है कि झारखंड की बालिका टीम के मुख्य कोच किंकर कृष्णा भी बोकारो से ही हैं।

बोकारो के तीन बालक खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम में शामिल 

झारखंड की बालक टीम में बोकारो से चयनित खिलाड़ियों में सूर्यांश, दिल्ली पब्लिक स्कूल, चास एवं डीपीएस चास बास्केटबॉल ट्रेनिंग सेंटर से जुड़े खिलाड़ी हैं। नवीन कुमार पासवान, डीएवी इस्पात विद्यालय, सेक्टर-12 के खिलाड़ी हैं। वहीं आशीष कुमार, माउंट सियोन स्कूल, सेक्टर-12 के खिलाड़ी हैं। इसके अलावा बोकारो से इशिता का चयन झारखंड की बालिका टीम में हुआ है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले झारखंड टीम के खिलाड़ियों ने लगभग 10 दिनों के कोचिंग कैंप में हिस्सा लिया। झारखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन के सचिव जो सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस तैयारी शिविर में खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत की और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए खुद को तैयार किया।

प्रतियोगिता में झारखंड टीम का शानदार प्रदर्शन

राष्ट्रीय स्तर पर बोकारो के चार खिलाड़ियों के झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व करने से जिले के बास्केटबॉल खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में भी खुशी की लहर है। बोकारो जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्येंद्र ने चारों खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई। वहीं एसोसिएशन के सचिव कन्हैया प्रसाद ने भी खिलाड़ियों के चयन और राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। बोकारो जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन की पूरी टीम ने खिलाड़ियों और कोच किंकर कृष्णा को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई है कि प्रतियोगिता में झारखंड की टीम शानदार प्रदर्शन करेगी।

और नया पुराने