बोकारो इस्पात संयंत्र के स्टील मेल्टिंग शॉप-2 (SMS-2) एवं सी सी एस विभाग (CCS) ने उत्कृष्ट तकनीकी दक्षता एवं टीम भावना का परिचय देते हुए अगस्त 2026 माह में कई ऐतिहासिक उत्पादन रिकॉर्ड स्थापित किए हैं. विभाग ने अगस्त माह का अब तक का सर्वश्रेष्ठ कुल उत्पादन 3,34,310 टन दर्ज कर एक नया मील का पत्थर स्थापित किया, जिसने अगस्त 2018 में बनाए गए 3,04,251 टन के पूर्व रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. इस पहल के दौरान शॉप-फ्लोर स्तर पर परिचालन निरंतरता, तकनीकी अनुशासन, सुरक्षा और संसाधन अनुकूलन पर विशेष ध्यान दिया गया. इस उल्लेखनीय उपलब्धि के अंतर्गत 14 अगस्त 2026 को एक ही दिन में सर्वाधिक 46 हीट्स ब्लो करने का नया दैनिक रिकॉर्ड स्थापित किया गया, जिसने फरवरी 2025 के 45 हीट्स के पिछले रिकॉर्ड को पार किया. इसके साथ ही, विभाग ने 285 टन का अब तक का उच्चतम मासिक औसत हीट वेट (Highest Monthly Average Heat Weight) हासिल किया, जो जनवरी 2025 के 283.2 टन से अधिक है. लॉजिस्टिक्स एवं डिस्पैच के क्षेत्र में भी विभाग ने नया मानदंड स्थापित करते हुए अगस्त माह के दौरान 14,800 से अधिक स्लैब्स का रिकॉर्ड प्रेषण (डिस्पैच) किया, जिसने मार्च 2026 के 14,622 स्लैब्स के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया.
बोकारो इस्पात संयंत्र के लिए यह ऐतिहासिक उपलब्धि
तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक उत्कृष्टता को आगे बढ़ाते हुए विभाग ने 12 से 15 अगस्त 2026 के मध्य 2 फ्लाइंग टंडिश के साथ 67 हीट्स का सबसे लंबा अनुक्रम (Longest Sequence) सफलतापूर्वक पूर्ण किया. इसके अलावा 29 हीट्स की उच्चतम टंडिश लाइफ प्राप्त कर रिफ्रैक्ट्री प्रबंधन में भी नई मिसाल कायम की. शीर्ष प्रबंधन ने इस असाधारण सफलता पर एसएमएस-2 एवं सीसीएस की संपूर्ण टीम के समन्वित प्रयासों और कर्मठता की सराहना की है. यह ऐतिहासिक उपलब्धि बोकारो इस्पात संयंत्र की परिचालन उत्कृष्टता, प्रक्रिया दक्षता और उत्पादन क्षमता के निरंतर संवर्धन की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है. तकनीकी नवाचारों, बेहतर समन्वय तथा कर्मचारियों के समर्पण से प्राप्त ये नए कीर्तिमान संयंत्र की उत्पादकता को नई ऊंचाइयों पर पहुँचाने के साथ-साथ सेल के समग्र विकास लक्ष्यों को हासिल करने में अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होंगे.
