कृष्ण भक्ति और गुरु सम्मान से गूंजा चिन्मय विद्यालय, विद्यार्थियों ने दी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति


चिन्मय विद्यालय बोकारो में जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस को लेकर 1 सितंबर, मंगलवार को विशेष असेंबली का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा तीसरी से पांचवी तक के विद्यार्थियों ने श्री कृष्ण से जुड़े भजन, नृत्य एवं नाटक प्रस्तुत किए। साथ ही, शिक्षक दिवस को लेकर सभी शिक्षकों को कार्ड देकर विद्यार्थियों ने सम्मानित किया। इस दौरान सचिव महेश त्रिपाठी, प्रभारी प्राचार्य नरमेंद्र कुमार, उप प्राचार्य डॉ. रोशन शर्मा एवं मीडिल विंग शैक्षणिक पर्यवेक्षक रश्मि सिंह उपस्थित रहे। असेंबली की शुरुआत गुरु वंदना के साथ हुई। इसके बाद सचिव एवं सभी शिक्षकों ने गुरुदेव और डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की फोटो पर पुष्प भेंट किया एवं उन्हें नमन किया। कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए विद्यार्थियों ने श्री कृष्ण का मधुर भजन प्रस्तुत किया। 

श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता पर नाटक पेश किया गया  

इसके बाद शिक्षकों को समर्पित एक खास गीत प्रस्तुत किया। अपने शिक्षकों को सम्मानित करते हुए विद्यार्थियों ने अपने हाथों से बनाए ग्रीटिंग कार्ड अपने प्रिय शिक्षकों को दिए और उनका आर्शीवाद लिया। एक खास नाट्य मंचन के द्वारा श्री कृष्ण एवं सुदामा की दोस्ती की कहानी दिखाई गई, जिसके बाद सभागार में मौजूद सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अतिथियों की आंखों में पानी भर गया। सचिव महेश त्रिपाठी ने सभागार में उपस्थित सभी को संबोधित करते हुए सबसे पहले जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि दोनों त्योहारों को एक साथ मनाने का महत्व और अधिक खास है, क्योंकि भगवान श्री कृष्ण को जगतगुरु के रूप में माना जाता है। उन्होंने अपनी भगवत गीता में दुनिया के सभी ज्ञान को समाहित किया था। उन्होंने कहा कि भगवत गीता के माध्यम से किसी भी परिस्थिति में सभी प्रश्नों के उत्तर मिल जाते हैं।

और नया पुराने