बोकारो इस्पात संयंत्र के निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) विभाग द्वारा सामुदायिक सरोकारों के तहत बैदमारा स्थित सरकारी विद्यालय में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को प्राथमिक एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएँ सुलभ कराना तथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। शिविर के दौरान कुल 112 ग्रामीणों एवं बच्चों की स्वास्थ्य जाँच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया तथा चिकित्सकों की सलाह के अनुसार लाभार्थियों को निःशुल्क दवाइयाँ भी वितरित की गईं। शिविर में मेडिसिन, नेत्र रोग, ईएनटी, सर्जरी, स्त्री रोग एवं शिशु रोग के विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित पैरामेडिकल टीम ने अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। चिकित्सकों ने लाभार्थियों की स्वास्थ्य जाँच करते हुए विभिन्न मौसमी बीमारियों से बचाव, पोषण, स्वच्छता एवं दैनिक स्वास्थ्य प्रबंधन से संबंधित आवश्यक परामर्श दिए।
मोबाइल मेडिकल यूनिट टीम ने भी सक्रिय सहयोग रहा
इस आयोजन में पीरामल स्वास्थ्य की मोबाइल मेडिकल यूनिट टीम ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया। टीम द्वारा स्वास्थ्य जाँच एवं तकनीकी समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सीएसआर विभाग के महाप्रबंधक, सहायक महाप्रबंधक, सहायक प्रबंधक एवं अन्य टीम सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही। सीएसआर टीम ने पंजीकरण, स्वास्थ्य जाँच एवं दवा वितरण की व्यवस्थाओं का समुचित समन्वय सुनिश्चित किया। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच बढ़ाने की दिशा में बीएसएल की यह पहल सामुदायिक स्वास्थ्य संवर्धन के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को और मजबूत कर रही है।
Tags
झारखण्ड