बोकारो में 300 बच्चों ने रंगों से उकेरी सत्यनिष्ठा की तस्वीर, BSL ने आयोजित की चित्रांकन प्रतियोगिता


बोकारो इस्पात संयंत्र के सतर्कता विभाग द्वारा आगामी 'सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026' के तीन माह के विशेष अभियान के तहत 23 सितंबर 2026 को स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के सहयोग से बोकारो महिला समिति द्वारा संचालित बाल मंदिर (को-ऑपरेटिव कॉलोनी) तथा सौरभ शिशु मंदिर (सेक्टर-2) में आयोजित इस प्रतियोगिता में लगभग 300 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों में उनके निर्माणकारी वर्षों के दौरान नैतिक मूल्यों, ईमानदारी और सत्यनिष्ठा की भावना का संचार करना है.

बच्चों ने कैनवास पर उकेरा रंगों के माध्यम से सत्यनिष्ठा

इस कार्यक्रम में महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं कार्यकारी एसीवीओ सहित सतर्कता विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही. प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने अपनी कलात्मक कल्पनाशीलता और रंगों के माध्यम से सत्यनिष्ठा और नैतिक आचरण के विभिन्न आयामों को सुंदर ढंग से कैनवास पर उकेरा. इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने विद्यार्थियों को जीवन में ईमानदारी और अनुशासन के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें एक सजग और उत्तरदायी नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया. दोनों विद्यालयों के प्राचार्यों एवं शिक्षकगणों के सक्रिय सहयोग से इस प्रतियोगिता का सफल संचालन संपन्न हुआ. प्रतियोगिता के उत्कृष्ट विजेताओं को सतर्कता जागरूकता सप्ताह के मुख्य समापन समारोह के अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा. स्कूली स्तर पर आयोजित यह पहल समाज में नैतिक चेतना और शुचिता के संस्कारों को सुदृढ़ करने की दिशा में अत्यंत सार्थक सिद्ध होगी. 

और नया पुराने