बोकारो में CBI का बड़ा एक्शन: CCL गोविंदपुर परियोजना में 18 हजार रिश्वत लेते दो क्लर्क गिरफ्तार


शुक्रवार को धनबाद से पहुंची CBI की टीम ने बोकारो जिले के CCL कथारा  एरिया के गोविंदपुर परियोजना कार्यालय में छापेमारी कर दो डीलिंग क्लर्कों को 18 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान CMPF डीलिंग क्लर्क मेघलाल महतो और पेंशन डीलिंग क्लर्क मोहम्मद इम्तियाज के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, यह मामला सेवानिवृत्त कर्मचारी के CMPF और पेंशन भुगतान से जुड़ा है। परियोजना के सर्वे विभाग में कार्यरत जनता नगर निवासी रसूल जमा करीब 7 महीने पहले सेवानिवृत्त हुए थे। 

पेंशन भुगतान के एवज में रिश्वत लेने का मामला 

सेवानिवृत्ति के कई महीने बीतने के बाद भी उनका CMPF और पेंशन का भुगतान लंबित था। आरोप है कि भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने के एवज में दोनों क्लर्कों द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। परेशान होकर रसूल जमा ने इसकी शिकायत धनबाद CBI से की थी। शिकायत मिलने के बाद CBI ने मामले का सत्यापन  किया और जाल बिछाया। शुक्रवार को जैसे ही रसूल जमा ने दोनों क्लर्कों को 18 हजार रुपये दिए, पहले से मुस्तैद CBI टीम ने दोनों को दबोच लिया। CBI की इस अचानक कार्रवाई से गोविंदपुर परियोजना कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। टीम दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अपने साथ धनबाद ले गई है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

और नया पुराने