पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में बोकारो चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में जिला की यातायात व्यवस्था, पार्किंग, अतिक्रमण, रात्रि सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, साईबर जागरुकता एवं इसकी रोकथाम जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने बोकारो द्वारा चैंबर के प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए बेरमो थाना क्षेत्र में शीघ्र एक ट्रैफिक पोस्ट का संचालन शुरू करने का निर्णय लिया गया। जिसके लिए ट्रैफिक डीएसपी को जरूरी निर्देश दे दिया गया है। चास थाना क्षेत्र के अतिक्रमण की समस्या को नगर निगम और प्रशासन से मिलकर समाधान निकालने का आश्वासन दिया गया है। अड्डेबाजी वाले जगहों को चिन्हित कर की जा रही कार्रवाई को ज्यादा प्रभावी बनाने का निर्देश शहर के सभी थाना प्रभारी को दिया गया है। साथ ही रात्रि गश्ती, रक्षक और टाईगर मोबाइल गश्ती का प्रतिदिन नंबर साझा करने का निर्णय लिया गया है ताकि किसी भी प्रकार की घटना होने पर रात में तुरंत सुचित किया जा सकें।
चिन्हित जगहों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
इसके अलावा साईबर मामले में बोकारो पुलिस द्वारा लगातार साईबर पीड़ितों को पैसे वापस कराने की सराहना करते हुए व्यापारियों के फ्रीज खातों को अनफ्रीज करने एवं साईबर जागरुकता खासकर APK फ्रॉड संबंधित जागरुकता को लेकर व्यापारियों को एक विशेष प्रशिक्षण दिए जाने की मांग की गई। जिसके लिए साईबर प्रभारी सह पुलिस उपाधीक्षक (मु.) को निर्देश दे दिया गया है। अंत में पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा व्यापारियों की सुरक्षा के लिए धमकी वाले कॉल को पुलिस को तुरंत सूचित करने को कहा गया। साथ ही शहर की सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग के लिए अपने अपने दुकानों के आसपास, शहर के कुछ चिन्हित स्थानों, प्रमुख मंदिरों और खासकर ज्वैलरी शॉप के पास चैंबर के सदस्यों द्वारा सीसीटीवी लगाने की अपील की गई। जिसमें चैंबर के सभी सदस्यों ने सहमति प्रदान की एवं दशहरा के मौके पर भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में सहयोग के लिए आश्वासन प्राप्त हुआ है। बोकारो शहर को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं व्यापार के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आपसी सहयोग एवं समन्वय के साथ आगे भी निरंतर संवाद व कार्य करने पर सहमति व्यक्त की गई।
