भारत सरकार के ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के अंतर्गत बोकारो इस्पात संयंत्र में “एक दिन, एक साथ, एक घंटा” के आह्वान के तहत एक विशेष स्वच्छता एवं सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करना, जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना तथा स्वच्छता को दैनिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना था। प्रशासनिक भवन परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लेते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर बोकारो इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता शपथ दिलाई। इसके उपरांत उनके नेतृत्व में अधिशासी निदेशक, मुख्य महाप्रबंधक, वरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक श्रमदान में सक्रिय सहभागिता की। श्रमदान के दौरान संयंत्र एवं प्रशासनिक भवन के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गईं।
दैनिक व्यवहार में स्वच्छता को अपनाने का संदेश
इस अवसर पर निदेशक प्रभारी ने सभी से स्वच्छता को अपने दैनिक व्यवहार एवं जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए स्वच्छता संबंधी प्रयासों को निरंतर जारी रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों एवं जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता, उत्तरदायित्व एवं प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ किया जा सकता है। ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के अंतर्गत बीएसएल द्वारा स्वच्छता, जागरूकता एवं जनभागीदारी से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का निरंतर आयोजन किया जा रहा है। इन पहलों का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति सजगता एवं जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर बोकारो के निर्माण में सामूहिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।
