बोकारो और धनबाद जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में बिरसा पुल के समीप दामोदर नदी के सितानाला घाट पर शुक्रवार सुबह जितिया स्नान के दौरान 15 वर्षीय किशोरी सोनाक्षी डूब गई। वह बिहार के आरा जिले के रहने वाले राजकुमार की पुत्री है। घटना सुबह करीब 8:30 से 9 बजे के बीच की है। किशोरी की तलाश में ग्रामीण जुटे हुए हैं। जानकारी के अनुसार, सोनाक्षी झरिया के लोदना स्थित पिरकुमोड़ में अपनी चाची के मायके आई थी। शुक्रवार को वह अपने मामा अमन कुमार, ममेरी बहनों और अन्य परिजनों के साथ जितिया स्नान करने सितानाला घाट पहुंची थी। नहाने के दौरान सोनाक्षी गहरे पानी में डूबने लगी। उसे बचाने के लिए मामा अमन कुमार ने नदी में छलांग लगा दी, लेकिन वे भी डूबने लगे। इसी दौरान स्थानीय युवकों ने नदी में कूदकर अमन को बचा लिया। हालांकि, अमन के हाथ में पकड़ी सोनाक्षी का हाथ छूट गया और वह पानी में लापता हो गई। '
सूचना मिलने पर पहुंची अमलाबाद ओपी व सुदामडीह थाना पुलिस
घटना की सूचना पर अमलाबाद ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में सुदामडीह थाना पुलिस भी पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से किशोरी की तलाश शुरू की। इधर शाम को आक्रोशित परिजनों व लोदना क्षेत्र से पहुंचे लोगों ने बिरसा पुल को जाम कर दिया । लोगों ने सुदामडीह पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया ,कहा कि पुलिस के उदासीनता के कारण देर शाम तक घटनास्थल पर कोई गोताखोंरों की टीम नहीं पहुंची । पुल जाम की सुचना पर पुलिस हरकत में आई ,जाम के करीब दो घंटे के बाद जब गोताखोंरो की टीम पहुंची ,जाम हटा लिया गया ।
Tags
क्राइम
