बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-32 पर शुक्रवार देर शाम हुए सड़क हादसे में 35 वर्षीय महादेव सिंह चौधरी की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार महादेव बाइक से बंगाल से अपने घर आमडीहा लौट रहा था। सीधाबनी के पास अंधेरे में सड़क किनारे खड़ी तीन ट्रेलरों के कारण उसे सामने कुछ दिखाई नहीं दिया और उसकी बाइक सीधे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे चास के केएम मेमोरियल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे
शव को रात में ही मॉर्चरी में रखवा दिया गया। शनिवार सुबह परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि घटना की जानकारी सीओ को देने के बावजूद सुबह तक कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। परिजनों ने मांग की है कि प्रशासन मामले को संज्ञान में ले और मृतक के परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा दें। परिजनों के बयान के बाद प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मुआवजे का आश्वासन दिया। बता दें कि पिंड्राजोरा और चास क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी बड़ी गाड़ियों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, कई मौतें भी हो चुकी हैं। प्रशासन द्वारा सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों के खिलाफ अभियान चलाने के बावजूद स्थिति जस की तस है, जो प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।
Tags
क्राइम
