Bokaro News: डीसी ने परीक्षा के मद्देनजर लाउडस्पीकर ऊंची आवाज में नहीं बजाने का दिया निर्देश


जिले में इन दिनों मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट बोर्ड की परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संचालित हो रही हैं। यह समय हजारों छात्र-छात्राओं के जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण पड़ाव है। वे अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु निरंतर परिश्रम कर रहे हैं। इसी संदर्भ में मंगलवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले के आम नागरिकों से संवेदनशील अपील की है कि वह धार्मिक अनुष्ठानों एवं वैवाहिक कार्यक्रमों में ज्यादा ध्वनि वाले यंत्रों (डीजे आदि ) का प्रयोग करने से परहेज करें। तेज ध्वनि के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई और एकाग्रता प्रभावित हो रही है, जिससे उनकी परीक्षा की तैयारी पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

परीक्षा अवधि के दौरान ध्वनि प्रदूषण नियंत्रित रखें 

उपायुक्त ने कहा कि समाज के जिम्मेदार नागरिक के रूप में यह हम सभी का कर्तव्य है कि परीक्षा अवधि के दौरान ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित रखें। आवश्यक होने पर केवल कम ध्वनि वाले यंत्रों का ही उपयोग करें, ताकि विद्यार्थियों को शांत एवं अनुकूल अध्ययन वातावरण प्राप्त हो सके। प्रशासन ने आमजन, आयोजनकर्ताओं एवं अभिभावकों से पूर्ण सहयोग की अपेक्षा की है। प्रशासन का विश्वास है कि जिलेवासी सदैव की भांति इस महत्वपूर्ण समय में भी संवेदनशीलता और सहयोग की मिसाल पेश करेंगे।


और नया पुराने