निगम चुनाव : संकीर्ण रास्तों वाले मतदान केंद्रों पर ड्रोन कैमरे से होगी निगरानी


नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 के मद्देनजर समाहरणालय सभागार में मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन एवं आधारभूत सुविधाओं की तैयारियों को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सफीक आलम, निर्वाची पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) चास  प्रांजल ढांडा, मुकेश मछुआ, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) चास प्रवीण कुमार एवं बेरमो बीएन सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार संबंधित प्रखंड के बीडीओ/सीओ तथा संबंधित थाना प्रभारी आदि उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य मतदान दिवस पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करना था।

सभी मतदान केंद्रों पर विशेष दंडाधिकारी की होगी प्रतिनियुक्ति

डीईओ सह डीसी ने निर्देश दिया कि सभी मतदान केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाएं रखने के लिए विशेष दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को कहा कि प्रतिनियुक्त होने वाले प्रत्येक दंडाधिकारी को उनके क्षेत्र की जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से समझाई जाए तथा मतदान समाप्ति तक वे अपने क्षेत्र में सक्रिय रूप से उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में लापरवाही अथवा शिथिलता किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगी। बैठक में अति संवेदनशील एवं संवेदनशील मतदान केंद्रों की अलग से समीक्षा की गई। इन केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त संबंधित क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकालने, स्थानीय पुलिस बल की सक्रिय गश्ती बढ़ाने को कहा गया।

मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल पर पूर्ण प्रतिबंध

डीईओ सह डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, इस संबंध में प्रवेश द्वार पर ही सख्ती से निगरानी रखी जाए। मतदान केंद्रों पर लंबी कतार की स्थिति से बचने हेतु क्यू मैनेजमेंट के लिए विशेष टीमों की तैनाती की जाएगी। मतदान केंद्रों पर वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं गर्भवती महिलाओं के केंद्र पर आने - जाने के लिए वाहन (टोटो) की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। ज्यादा मतदाताओं वाले -मतदान केंद्रों तथा संकीर्ण मार्ग वाले मतदान केंद्रों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। इससे भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी।

किसी भी सूचना से विचलित न हों, एसओपी के अनुरूप करें कार्रवाई

डीईओ सह डीसी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी घटना अथवा सूचना से टीम विचलित नहीं हो। निर्धारित एसओपी का पालन करते हुए विधिसम्मत एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अफवाहों पर नियंत्रण रखने तथा सूचना के त्वरित सत्यापन पर भी विशेष बल दिया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने सभी मतदान केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं - पेयजल, शौचालय, रैंप, प्रकाश व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति एवं जेनरेटर - की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र की मूलभूत सुविधाओं की ऑडिट रिपोर्ट थाना प्रभारी समर्पित करेंगे। साथ ही, सीसीटीवी कैमरों को क्रॉस एंगल में अधिष्ठापित किया जाए ताकि मतदान कक्ष एवं प्रवेश-निकास द्वार पर व्यापक कवरेज मिल सके। पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं बैकअप जेनरेटर की उपलब्धता भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।

20 फरवरी को संयुक्त भौतिक निरीक्षण

बैठक में जानकारी दी गई कि आगामी 20 फरवरी को डीईओ सह डीसी एवं एसपी द्वारा विभिन्न मतदान केंद्रों का संयुक्त भौतिक निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, बैरिकेटिंग, सीसीटीवी, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य तैयारियों की जमीनी स्तर पर समीक्षा की जाएगी। चास नगर निगम क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक श्याम नारायण राम एवं फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक सादात अनवर ने भी सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए।अंत में डीईओ सह डीसी ने कहा कि निर्वाचन लोकतंत्र का महापर्व है। सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय, सतर्कता एवं जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 को पूर्णतः शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जा सके।


और नया पुराने