मतदान केंद्र निरीक्षण में गर्ल्स हाई स्कूल की गंदगी पर भड़के डीसी


नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर ज़िला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने चास नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के क्रम में डीईओ सह डीसी ने निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) एवं अंचल अधिकारी (सीओ) को मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, रैंप, साफ-सफाई एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था समय रहते पूर्ण कर ली जाए। मतदान केंद्र संख्या 23/02-01, प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय चास के निरीक्षण के दौरान परिसर में गंदगी पाए जाने पर डीईओ सह डीसी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक को तत्काल विद्यालय परिसर, शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। 

जल्द सफाई करवाने को दिया निर्देश 

साथ ही चेतावनी दी कि निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) को साफ - सफाई की निगरानी का निर्देश दिया। डीईओ सह डीसी ने मतदान केंद्र संख्या 22/03-02, प्राथमिक विद्यालय कुंवर सिंह कॉलोनी तथा केंद्र सं. 19/01 आदर्श विद्या मंदिर दारकु नगर चास आदि का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया। डीईओ सह डीसी ने कहा कि निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ निर्वाचन कार्यों को गंभीरता एवं जिम्मेदारीपूर्वक संपादित करें। मौके पर जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल कुमार चौबे, बीडीओ चास प्रदीप कुमार, सीओ चास राम सेवा राम, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य उपस्थित थे।

और नया पुराने