नगर निगम की पहली बैठक: सफाई में लगी कंपनी को किया गया ब्लैक लिस्टेड


चास नगर निगम की प्रथम बोर्ड बैठक महापौर भोलू पासवान की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक में शहर के समग्र विकास, नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा बुनियादी समस्याओं के स्थायी समाधान को लेकर विस्तृत एवं गहन चर्चा की गई। इस अवसर पर उपमहापौर पूजा कुमारी, अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार, सहायक नगर आयुक्त स्मिता किरण सहित नगर निगम के सभी पदाधिकारी, कर्मचारी एवं सभी वार्डों के पार्षदगण उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य फोकस शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर एवं प्रभावी बनाने पर रहा। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि सभी सफाईकर्मियों को संबंधित वार्ड पार्षदों के अधीन रखा जाएगा, जिससे सफाई कार्यों का संचालन स्थानीय स्तर पर अधिक जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ किया जा सके तथा निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके।  

10 दिनों के अंदर जुस्को को पेयजल आपूर्ति को सुनिश्चित करना होगा 


साफ-सफाई से संबंधित एजेंसी M/S चास इनवायरो लिमिटेड द्वारा अपेक्षित कार्य निष्पादन नहीं किए जाने के कारण उसे ब्लैकलिस्ट करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। साथ ही इस संबंध में संबंधित विभागों को पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में चास शहरी जलापूर्ति योजना फेज-वन क्षेत्र से गंदे पानी की आपूर्ति की समस्या पर भी गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श किया गया। नागरिकों के स्वास्थ्य एवं सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक कदम उठाने पर सहमति बनी। आसन्न गर्मी के मौसम को देखते हुए जूडको एवं जुस्को को दस दिनों के भीतर नियमित एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही फेज-वन के संचालन का प्रभार लेने तथा पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए संबंधित एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि शहरवासियों को जल संकट का सामना न करना पड़े।

स्ट्रीट लाइट लगाने का काम तीव्र गति से होगा 

शहर में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए स्ट्रीट लाइट हाईमास्ट लाइट से संबंधित एजेंसी को युद्धस्तर पर कार्य करने का निर्देश दिया गया। नगर क्षेत्र के सभी वार्डों में खराब लाइटों की मरम्मत एवं नई लाइटों की स्थापना शीघ्र पूर्ण करने पर विशेष बल दिया गया, ताकि नागरिकों की सुरक्षा एवं आवागमन सुगम हो सके। छोटी एवं संकरी गलियों में साफ-सफाई को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सभी पार्षदों द्वारा ठेला क्रय करने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे कचरा संग्रहण एवं निष्पादन व्यवस्था को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा सके।बैठक के समापन अवसर पर महापौर एवं अपर नगर आयुक्त द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित शहर की परिकल्पना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सभी पार्षदों को एक-एक छोटा पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। यह पहल स्वच्छ एवं हरित चास के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना गया। नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों से भी अपील की है कि वे स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहते हुए नगर विकास में सक्रिय सहयोग करें।


और नया पुराने