NH-32 पर 16 वर्षीय छात्र के अपहरण की कोशिश नाकाम, ब्लैक कार सवार बदमाशों से बचकर पहुंचा घर


एनएच-32 स्थित चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्र के अपहरण का प्रयास का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार की संध्या करीब 6:30 बजे की है। किशोर किसी तरह बदमाशों के चंगुल से बचकर सुरक्षित घर पहुंच गया, लेकिन घटना के बाद से काफी सहमा हुआ है। बचाव के प्रयास में छात्र के हाथ में चोट भी आई है। किसी तरह आरोपियों से छूटकर वह भागा और सीधे घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना बताई।

ट्यूशन  से लौटते वक्त घटी घटना

पीड़िता सर्वज्ञा सिन्हा चास मुफस्सिल थाना के पीछे कालापत्थर स्थित नगर निगम सोसाइटी निवासी संजीव कुमार सिन्हा का पुत्र है। वह 10वीं का छात्र है। मंगलवार शाम वह चास से ट्यूशन पढ़कर  घर लौट रहा था। इसी दौरान थाना के समीप घात लगाए बैठे ब्लैक कलर के चार पहिया वाहन में सवार कुछ अज्ञात लोगों ने उसे जबरन उठाने  की कोशिश की। 

परिजनों ने की शिकायत, पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद से किशोर और परिवार दहशत में है। परिजनों ने मामले की लिखित शिकायत स्थानीय प्रशासन को देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित के पिता ने पुलिस से जल्द जांच कर आरोपियों की पहचान करते हुए गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है। इधर, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। थाना क्षेत्र में लगे CCTVFootage  खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि ब्लैक कार और आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

और नया पुराने