बोकारो पुलिस सड़क सुरक्षा को लेकर अब चालान नहीं काटकर लोगों को प्रेम से हेलमेट पहनने के लिए लोगों को प्रेरित करने में लग गई है. शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिस ने नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों का चालान काटने के बजाए उन्हें गुलाब का फूल भेंट कर ट्रैफिक नियमों का पाठ पढ़ाया। पुलिस वाले अब लोगों को समझा रहे हैं कि 20 हजार के मोबाइल को बचाने के लिए कवर लगाते हैं, लेकिन अपने बेशकीमती सिर को बचाने के लिए हेलमेट क्यों नहीं पहन रहे हैं. उसी प्रकार एक व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ जा रहे थे तो उन्हें पुलिस ने समझाया कि आप अपने सिर को बचाने के लिए हेलमेट तो पहन लिए, लेकिन पत्नी को बचाने के लिए उन्हें हेलमेट क्यों नहीं दिया।
प्रेम से अब लोगों को जागरूक कर रही पुलिस
अभियान के दौरान बिना हेलमेट, सीट बेल्ट न लगाने और गलत दिशा में वाहन चलाने वाले लोगों को रोककर पुलिसकर्मियों ने गुलाब का फूल दिया। साथ ही उन्हें ट्रैफिक नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और सुरक्षित ड्राइविंग के फायदे बताए। पुलिस का कहना था कि नियमों का पालन खुद की और दूसरों की सुरक्षा के लिए जरूरी है। पुलिस के इस बदले अंदाज को देखकर वाहन चालक भी हैरान रह गए। कई लोगों ने माना कि चालान के डर से ज्यादा असर प्यार से समझाने पर होता है। स्थानीय लोगों ने बोकारो पुलिस की इस पहल की जमकर सराहना की।
