बोकारो जिले के प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल चास के प्रभारी प्रधानाध्यापक बबलू दास पर स्कूली बच्चों से बाल मजदूरी जैसा काम करवाने का आरोप स्कूल के बच्चे ही लगा रहे हैं। स्कूली बच्चों से झाड़ू लगवाना और कचरे को कूड़ेदान में डलवाया जाता है। वहीं पिछले 23 अप्रैल को स्कूल में किताबों की गाड़ी आई थी। सभी पुस्तक बोरियों में बंद थी। उसे उतारने के लिए और स्कूल के अंदर ले जाने के लिए स्कूली बच्चों को ही लगवा दिया गया। विवश होकर स्कूल के बच्चे बाल मजदूरी जैसा काम करने को बाध्य हैं।
छात्रों ने बताया कैसे हेडमास्टर उनसे करवाते हैं काम
इस मामले में स्कूली बच्चों ने मीडिया के सामने बयान दिया कि किस प्रकार हेडमास्टर द्वारा उनसे काम करवाया जाता है और काम करने को राजी नहीं होने वाले बच्चों को टीसी देकर स्कूल से निकाल देने की धमकी देते हैं। इस संदर्भ में हेडमास्टर ने कहा कि उनके ऊपर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं, लेकिन बच्चों के द्वारा कराए जा रहे काम करने का वीडियो झूठ नहीं बोल सकता।
किताबों की बोरी से लेकर बेंच-डेस्क तक उठवा रहे हेडमास्टर!
बच्चों ने कहा कि अभी हाल ही में स्कूल में नया बेंच डेस्क आया था, उसे भी बच्चों से ही स्कूल के ऊपरी तल के कमरे तक चढ़वाया गया। बताते चलें कि इसी स्कूल में मध्य विद्यालय एसबीएस का विलय कर दिया गया है। इसलिए अब इस स्कूल में लड़के और लड़कियां दोनों पढ़ाई करते हैं।
Tags
झारखण्ड
