बोकारो ट्रेजरी से फर्जी वेतन निकासी मामले की जांच में तेजी आ गई है। रांची से उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के प्रधान सचिव डॉ अमिताभ कौशल के नेतृत्व में बनी पांच सदस्यीय टीम बोकारो पहुंचकर सभी संबंधित अधिकारियों के साथ सर्किट हाउस में हुई बैठक में गहन पूछताछ की गई। टीम करीब 5 हजार पेज के दस्तावेज लेकर जांच के लिए अपने साथ रांची ले गई है। एसपी ऑफिस, ट्रेजरी सहित कई कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ कर कई प्रकार की जानकारी जुटाई गई। बैठक में अहम दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। इसमें उपायुक्त बोकारो, पुलिस अधीक्षक बोकारो, डीडीसी, एसी और दो डीएसपी समेत सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बोकारो से हुआ था घोटाले का खुलासा
बताते चलें कि ट्रेजरी से फर्जी वेतन निकासी कर घोटाला करने का मामला सबसे पहले बोकारो जिला से ही उजागर हुआ था। इसके बाद राज्य के अन्य जिलों से भी ऐसे मामले सामने आए। अब तक इस मामले में चार व्यक्तियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। SIT की टीम सभी जिलों के ट्रेजरी रिकॉर्ड की जांच कर रही है। ताकि घोटाले की पूरी परतें खुल सकें। प्रधान सचिव डॉ अमिताभ कौशल ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देश पर जांच के लिए टीम आई है। टीम को जहां-जहां जरूरत पड़ रही है, वहां पूछताछ की जा रही है. फ़िलहाल जांच जारी है। जरूरत पड़ने पर रांची से पुन: टीम बोकारो आएगी।
Tags
झारखण्ड
