बीएसएल के निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग कार्यक्रम से 300 युवाओं को मिलेगा लाभ


बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) विभाग द्वारा संचालित निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक कुल 300 अभ्यर्थियों का नामांकन किया गया है। यह कोचिंग कार्यक्रम बैंक, एसएससी, रेलवे तथा अन्य समान प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए संचालित किया जा रहा है।नामांकित कुल 300 अभ्यर्थियों में 87 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। जबकि शेष अभ्यर्थियों का चयन विस्थापित परिवारों से तथा बोकारो के परिधीय क्षेत्रों से किया गया है। कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक 12 अभ्यार्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता अर्जित कर चुके है। जून एवं जुलाई 2026 में आयोजित होने वाले मेगा प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से भी अन्य अभ्यर्थियों के लिए नए अवसरों के द्वार खुलने की संभावना है। 

प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क है 

महेंद्रा एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित संस्थान है तथा इसका उत्कृष्ट सफलता रिकॉर्ड रहा है। यह प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क है तथा छह माह की अवधि में पाठ्यक्रम पूरा कराया जा रहा है। सप्ताह में छह दिन ऑफलाइन एवं ऑनलाइन दोनों माध्यमों से नियमित कक्षाएं संचालित की जाती हैं। विद्यार्थियों को निःशुल्क अध्ययन सामग्री, वाई-फाई सुविधा युक्त आधुनिक अध्ययन कक्ष, नियमित मॉक टेस्ट एवं मेंटरशिप सपोर्ट जैसी सभी आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बीएसएल की यह पहल परिधीय एवं विस्थापित क्षेत्रों के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, रोजगार के अवसर एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त बनाने का प्रयास है। प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के माध्यम से युवाओं को अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का अवसर प्राप्त हो रहा है।


--

और नया पुराने