JPSC-JSSC CGL परीक्षा पर सुदेश महतो का बड़ा बयान: बोले- CID नहीं, अब CBI से होनी चाहिए जांच


बोकारो में आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा कि JPSC,JSSC - CGL परीक्षा की जांच अंततः झारखंड सरकार को CBI से कराना ही होगा, क्योंकि CID की जांच संदेह के घेरे में रहा है। उन्होंने कहा कि CID की जांच पर संदेह का कारण है कि CID की जांच में एक टीम कहती है कि गड़बड़ी नहीं हुई है. वहीं दूसरी CID की टीम इसमें गड़बड़ी पाती है.  उन्होंने कहा कि जब छात्रों का हंगामा होता है और छात्र आंदोलन करते हुए सड़कों पर उतरते हैं, जहां एक महीने तक आंदोलन होने के बाद CID की दूसरी टीम के जांच के बाद इसमें भ्रष्टाचार मिलता है और फिर एक के बाद कई गिरफ्तारी होती है। ऐसे में CID पर न तो छात्रों को भरोसा है और न ही यहां के लोगों को.  इसलिए इस पूरे मामले पर एक ही एजेंसी जांच कर सकती है वो है CBI ,क्योंकि इस बहाली में पैसे का लेनदेन हुआ है। 

सीबीआई जांच पर है सभी को भरोसा 

उन्होंने कहा कि CBI जांच  पर सबको भरोसा है और कई मामले में जांच के बाद निर्णय भी देखने को मिला है, कई बड़े मामले भी उजागर हुए है, इसलिए जांच CBI से ही होनी चाहिए़ और अंततः झारखंड सरकार को भी इस निर्णय पर आना होगा। उक्त बाते बोकारो के मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में मीडिया से बात करते हुए कही। वे बोकारो में नेशनल रैंकिंग आर्चरी टूर्नामेंट के समापन समारोह में मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम पहुंचे हुए थे। उन्होंने सरकार के खेल नीति पर भी चर्चा करते हुए कहा कि सरकार के पास कोई ब्लू प्रिंट नहीं है और खेल और खिलाड़ियों के प्रति सरकार उतनी सजग नहीं है। उन्होंने डुमरी के JLKM विधायक जयराम महतो और पुलिस के बीच हुए विवाद पर कहा कि पुलिस की जो शैली है वो ठीक नहीं है.  साथ ही विधायक की शैली भी ठीक नहीं है। यानी इस मामले पर दोनों की जो शैली देखने को मिली है जो स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने 10 दिनों से चले आ रहे आर्चरी टूर्नामेंट में जीते हुए खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया। मौके पर गोमिया के आजसू के पूर्व विधायक डॉ0 लम्बोदर महतो, पूर्व नेशनल आर्चरी खिलाड़ी एंजेला सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
और नया पुराने