बोकारो स्टेशन पर जनशताब्दी एक्सप्रेस के इंजन में मिला महिला का कटा सिर, मची अफरा-तफरी


पटना से रांची जा रही 12024 पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस गुरुवार को जब बोकारो रेलवे स्टेशन पहुंची तो वहां अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन के इंजन से आ रही तेज बदबू ने पूरे प्लेटफॉर्म पर सनसनी फैला दी। बताया जा रहा है कि ट्रेन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर पहुंचते ही लोको पायलट को इंजन के अगले हिस्से से दुर्गंध महसूस हुई। तुरंत RPF और GRP को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही RPF बोकारो और GRP की टीम मौके पर पहुंची और इंजन की जांच शुरू की। जांच के दौरान इंजन के आगे लगे कैटल गार्ड के पास बने एक हॉल (खाली जगह) में एक कटा हुआ मानव सिर मिला। सिर करीब 50 वर्षीय महिला का बताया जा रहा है। दृश्य देखकर मौके पर मौजूद रेलकर्मी भी दंग रह गए।

जीआरपी ने मामले की जांच शुरू कर दी 

RPF  की मौजूदगी में सिर को बाहर निकाला गया। GRP  ने पंचनामा कर शव के हिस्से को कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद ट्रेन करीब एक घंटे तक बोकारो स्टेशन पर खड़ी रही, बाद में जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को रांची के लिए रवाना किया गया। प्रथम दृष्टया आशंका है कि ट्रेन की चपेट में आने से यह हादसा हुआ होगा और सिर कटकर इंजन में फंस गया होगा। हालांकि GRP ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

और नया पुराने